Site icon

नन्हीं नृत्यांगना इशिता ने हासिल किया नेशनल स्कॉलरशिप

कोरबा। गायन, वादन और नृत्य जैसी कलाओं में महारत रखने वाले देशभर के 5000 बच्चों को प्रतिस्पर्धा में पीछे छोड़ कोरबा की नन्हीं कथक नृत्यांगना इशिता कश्यप ने  कोरबा और छत्तीसगढ़ के लिए एक नई उपलब्धि हासिल की है। इशिता ने कल्चरल टेलेंट सर्च स्कॉलरशिप स्कीम (2023-24) की रेस में बाजी मारते हुए नेशनल स्कॉलरशिप अपने नाम किया है। वह छत्तीसगढ़ की एक मात्र बाल कलाकार है, जिसे कथक में राष्ट्रीय छात्रवृत्ति 2023-24 के लिए चुना गया है।

सांस्कृतिक स्रोत व प्रशिक्षण केंद्र संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा आयोजित नेशनल स्कॉलरशिप 2023-24 में गायन वादन नृत्य जैसे सभी विधाओं में से चयनित होने वाले छात्रों की सूची जारी की गई है, जिसमें इशिता कश्यप छत्तीसगढ़ की एक मात्र कथक नृत्यांगना के रूप में चुनी गई है। संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित सांस्कृतिक श्रोत व प्रशिक्षण केंद्र द्वारा वर्ष 1982 से प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर पर सांस्कृतिक प्रतिभा खोज छात्रवृत्ति योजना का संचालन किया जा रहा है, जिसमें कला के पारंपरिक रूपों का प्रतिनिधित्व करने वाले कलाकारों को यह छात्रवृत्ति प्रदान किया जाता है। पूरे भारत में प्रतिवर्ष यह छात्रवृत्ति 11 से 14 वर्ष के आयु के 650 छात्रों को प्रदान किया जाता है। वर्ष 2023-24 में इस छात्रवृत्ति हेतु देश भर के 5000 से अधिक छात्रों ने नामांकन किया था। जिसके परिणाम की घोषणा 12 जून को की गई।  इशिता कश्यप तबला वादक व नृत्य गुरु मोरध्वज वैष्णव की शिष्या है जो केंद्रीय विद्यालय 2, एनटीपीसी  कोरबा में कक्षा छठवीं की छात्रा है।

Exit mobile version