बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में जिले के 3 विद्यार्थी,  शुभ ने 96 प्रतिशत अंक के साथ हासिल किया 5वां स्थान, गामिनी 98 प्रतिशत के साथ पांचवा और कृतिका ने 97.17 फीसदी अंकों के साथ 10वां स्थान किया प्राप्त

कोरबा। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा गुरुवार को कक्षा 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए। जारी परिणाम में जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। 10वीं 12वीं की मेरिट सूची में जिले के तीन विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है। कक्षा 12वीं में शुभ अग्रवाल ने 96 प्रतिशत अंकों के साथ मेरिट में पांचवा स्थान हासिल किया है। कक्षा 10वीं मेंं गामिनी कंवर ने 98 प्रतिशत के साथ पांचवा और कृतिका कंवर ने 97.17 फीसदी अंकों के साथ 10वां स्थान प्राप्त किया है।

जारी परीक्षा परिणाम में शहर के स्कूलों के विद्यार्थी जहां टॉपटेन में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं, वहीं कटघोरा क्षेत्र के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। कक्षा 12वीं में प्रदेश में 5वां स्थान हासिल करने वाले शुभ अग्रवाल जय भारत इंंग्लिश मीडियम स्कूूल कटघोरा में वाणिज्य विषय के छात्र हैं। उन्होंने पूर्णाक 500 में 480 अंक अर्जित किया है। मेघावी छात्र शुभ अग्रवाल ने 10वीं भी 92 प्रतिशत अंक अर्जित किया था। इसी तरह कक्षा 10वीं के परिणाम में सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल ढेलवाडीह की दो सहेलियों का दबदबा रहा है। दोनों सहेलियों ने प्रदेश के टॉपटेन सूची में जगह बनाई है। गामिनी कुमारी कंवर ने पूर्णांक 600 में से 588 अंक अर्जित कर 98 प्रतिशत अंक हासिल किया है। उनका रैंक प्रदेश में संयुक्त रूप से 5वां है। इसी तरह गामिनी की सहेली कृतिका कुमारी कंवर ने भी पूर्णाक 600 में से 583 अंकों के साथ 97.17 प्रतिशत अंक अर्जित किया है। प्रदेश में कृतिका का स्थान संयुक्त रूप से 10वां है।

 

सीए बनने का है सपना: शुभ

चैतमा निवासी शुभ अग्रवाल के पिता जितेन्द्र अग्रवाल रंजना में जनरल स्टोर का संचालन करते हैं। माता नमिता अग्रवाल गृहणी है। शुभ ने चर्चा के दौरान बताया कि वह चार्टेड एकाउंटेंट बनना चाहता है। इसके लिए वह आगे रायपुर में पढ़ाई करेंगे। उन्होंने बताया कि जब भी उसे खाली समय मिलता था पढ़ाई करता था। पढ़ाई के लिए कोई घंटे निर्धारित नहीं किए थे। परीक्षा के दौरान सोशल मीडया व अन्य जानकारियों से भी दूरी नहीं बनाई थी। शुभ ने बताया कि उसकी सोच से बेहतर परिणाम आया है। इसका श्रेय उन्होंने गुरुजनों व अपने परिजनों को दिया है।

 

डॉक्टर बनना चाहती है गामिनी

10वीं में पांचवा पायदान हासिल करने वाली गामिनी कुमारी कंवर के पिता गंगा सिंह कंवर एसईसीएल में कर्मचारी है। साथ ही उनका परिवार खेती किसानी से भी जुड़ा हुआ है। गामिनी ने बताया कि वह पांच से छह घंटे नियमित पढ़ाई करती थी। परीक्षा के प्रश्नों को जिस तरह से हल किया था उसे उम्मीद थी कि मेरिट सूची में उसका नाम जरूर आएगा। उन्होंने बताया कि वह एमबीबीएस डॉक्टर बनना चाहती है। इसके लिए वह कक्षा 11वीं साइंस विषय लेकर अपनी पढ़ाई आगे जारी रखेंगी। गामिनी ने अपनी सफलता का श्रेय ढेलवाडीह सरस्वती स्कूल के शिक्षकों व अपने परिवारजनों को दिया है।

डॉक्टर बनकर करनी है मरीजों की सेवा: कृतिका

सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल ढेलवाडीह की छात्रा कृतिका कुमारी कंवर के पिता नेपाल सिंह कटघोरा के ग्राम राल में किराना दुकान का संचालन करते हैं। कृतिका बचपन से ही मेघावी छात्रा रही है। कृतिका ने बताया कि वह 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थी। उसका सपना है कि वह एक डॉक्टर बने और मरीजों की सेवा करे। इसके लिए उसने कक्षा 11वीं में आगे की पढ़ाई के लिए विज्ञान संकाय का चयन किया है। कृतिका की मां सुनिता कंवर गृहणी है। उसने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के प्राचार्य आरआर पटेल, शिक्षकों सहित अपने माता पिता को दिया है।

 

 

10वीं 74.38 व 12वीं में 79.22 फीसदी बच्चे हुए सफल

जिले का परीक्षा परिणाम इस बार बेहतर रहा है। कक्षा 10वीं में 74.38 व 12वीं में 79.22 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। जारी परिणाम में इस बार भी बेटियों ने बाजी मारी है। कक्षा 10वीं में 79.02 बालिकाएं व 68.65 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण हुए हैं। 12वीं में 82.86 प्रतिशत बालिका व 74.42 प्रतिशत बालक सफल हुए हैं। कक्षा 10वीं में 6261 बालक व 7817 बालिका सहित कुल 14हजार 178 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जिसमें प्रथम श्रेणी से 1580 बालक व 3101बालिकाएं उत्तीर्ण हुई है। प्रथम श्रेणी में कुल 4681 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। कुल 10 हजार 315 विद्यार्थी सफल हुए हैं जिसमें 4221 बालक व 6094 बालिकाएं हैं। 1572 बालक व 1193 बालिकाएं फेल हुई हैं। 363 बालक व 424 बालिकाएं पूरक आई हैं। 12वीं में कुल 10 हजार 514 विद्यार्थी पंजीकृत थे जिसमें 4412 बालक व 6102 बालिकाएं थीं। कुल 3236 बालक वे 4999 बालिकाएं उत्तीर्ण हुई है।

जिले की टाप टेन सूची

कक्षा 10वीं

नाम                        स्कूल                  प्रतिशत              रैंक

गामिनी कंवर             सशिमं ढेलवाडीह          98.00           प्रथम

कृतिका कंवर            सशिमं ढेलवाडीह          97.17             द्वितीय

जसमिंता राठिया         प्रयास छुरीकला            97.00            तृतीय

रूचि कुशवाहा          लायंस स्कूल कोरबा        96.50            चतुर्थ

अमृता निषाद             सशिमं कोरबा             96.33            पंचम

शुभलता                  प्रयास छुरीकला           96.17             षष्ठम

ऋषभ उपाध्याय           ब्लू बर्ड कोरबा           96.17            षष्ठम

अन्नू चंद्रा                 एमजीएम बालको         96.00          सप्तम

प्रियंका जायसवाल       शास.स्कूल परसदा       96.00           सप्तम

सरस्वती चंद्रा            गायत्री स्कूल कोरा        96.00           सप्तम

दीपमाला पटेल           प्रयास छुरीकला           95.83          अष्ठम

क्षितिज देवांगन          लायंस स्कूल कोरबा       95.67           नवम

श्रुति शर्मा                जय भारत कटघोरा         95.50          दशम

अनुपूर्णा पोलई           प्रयास छुरीकला            95.50     दशम

जयवर्धन सिंह             प्रयास छुरीकला           95.50     दशम

यशवंत राठौर              प्रयास छुरीकला           95.50     दशम

 

कक्षा 12वीं

नाम                स्कूल               प्रतिशत           रैंक

शुभ अग्रवाल    जयभारत कटघोरा       96.00     प्रथम

तस्मिया अंसारी  शास. स्कूल कोरबा      93.80     द्वितीय

सुहानी विश्वकर्मा श्री हरिकिशन कोरबा     93.60     तृतीय

तनिशा ओग्रे    शास्त्री स्कूल हरदीबाजार  93.60     तृतीय

कशिश वैष्णव   विद्युत गृह क्र.1    93.40     चतुर्थ

कल्याणी सिंह्   श्री हरिकिशन कोरबा     93.20     पंचम

शबनम खातून   श्री अग्रसेन कोरबा      93.00     षष्ठम

आशु राठौर     सशिमं प्रगतिनगर       92.80     सप्तम

तस्मिया खातून  साडा कन्या कोरबा      92.40     अष्ठम

दिलेश कुमार    प्रयास छुरीकला  92.00     नवम

इशिका दास     सशिमं कोरबा   91.40     दशम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *